June 28, 2026

मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, गैर-जमानती वारंट परबागेश्वर पुलिस की कार्रवाई


बागेश्वर। कपकोट थाना क्षेत्र में मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी के मामले में कपकोट पुलिस ने गैर-जमानती वारंट के तहत एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को कृष्णा मर्तोलिया की तहरीर पर थाना कपकोट में लक्की कठायत, विट्टू कुमार और अमित गोस्वामी के खिलाफ बिना किसी कारण मारपीट करने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने तथा वादी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान न्यायालय से आरोपियों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए गए। पुलिस ने पहले 22 जून को एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जबकि 26 जून को दूसरे आरोपी अमित गोस्वामी (23 वर्ष), निवासी कुमाऊँ कॉलोनी, दमुवाढूंगा, थाना काठगोदाम (वर्तमान पता भराड़ी, कपकोट) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोहर चंद और कांस्टेबल प्रकाश खेतवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में शेष विधिक कार्रवाई जारी है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।