विशेष गहन पुनरीक्षण: जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की समीक्षा, मतदाता दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
बागेश्वर । विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के आलेख्य प्रकाशन एवं प्राप्त दावे/आपत्तियों के संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की विधानसभा निर्वाचन नामावलियों का ड्राफ्ट प्रकाशन 14 जुलाई, 2026 को किया जा चुका है। 14 जुलाई से 13 अगस्त, 2026 तक मतदाता दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर 14 जुलाई से 11 सितम्बर तक सुनवाई की जाएगी तथा आयोग के निर्देशानुसार उनका निस्तारण करते हुए 15 सितम्बर, 2026 को अंतिम निर्वाचन नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व में 192 मतदेय स्थल थे, जिन्हें बढ़ाकर 206 कर दिया गया है। इसी प्रकार कपकोट विधानसभा क्षेत्र में 189 के स्थान पर अब 199 मतदेय स्थल हैं। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कपकोट विधानसभा क्षेत्र में पूर्व में 98,281 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि ड्राफ्ट रोल प्रकाशन के बाद यह संख्या 92,147 हो गई है। इसी प्रकार बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व में 1,15,648 मतदाता पंजीकृत थे, जो वर्तमान में 1,08,772 रह गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 41,008 विसंगति (Anomalies) एवं 1,437 अनमैप्ड मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 13,010 अनकलेक्टेबल रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जिनमें 2,403 मृतक, 830 अनुपस्थित, 8,532 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 1,216 पहले से अन्यत्र पंजीकृत तथा 29 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इन सभी की सूची बीएलओ द्वारा संबंधित बीएलए-2 के साथ साझा की जा चुकी है।
जिलाधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों एवं मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी, भाजपा प्रतिनिधि मदन राम आगरी, कांग्रेस प्रतिनिधि गोविंद गिरी, अर्जुन भट्ट सहित सहायक निर्वाचन अधिकारी धनीराम टम्टा एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
