Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

क्वारब स्लाइड जोन के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: मंडल आयुक्त


अल्मोड़ा ।  कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को क्वारब स्लाइड जोन का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि क्वारब स्लाइड जोन जनपद ही नहीं बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील स्थान है। ऐसे में यहां किए जा रहे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को जल्द राहत मिल सके। इसके बाद आयुक्त ने क्वारब बाईपास मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर शेष निर्माण एवं सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी अवशेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाईपास मार्ग के पूरी तरह तैयार होने से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। आयुक्त ने क्षेत्रवासियों और यात्रियों से प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा बरसात के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने का भी आग्रह किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हरीश कुमार, अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement