July 18, 2026

बागेश्वर में चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में सात मुकदमे दर्ज


बागेश्वर ।  चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बागेश्वर पुलिस ने सात मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने लोगों को किसी भी बच्चे की अश्लील या यौन शोषण से संबंधित फोटो-वीडियो बनाने, रखने, डाउनलोड करने, फॉरवर्ड करने या सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसा करना, चाहे मजाक में या बिना गलत मंशा के किया गया हो, कानूनन अपराध है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने कहा कि कई बार बच्चे या किशोर अनजाने में ऐसी फोटो या वीडियो दोस्तों के बीच साझा कर देते हैं। उन्हें समझना चाहिए कि इसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं। यदि मोबाइल, व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी सामग्री प्राप्त होती है तो उसे आगे साझा न करें। संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सूचना दें।उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन गोपनीयता और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने की अपील की। विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से भी साइबर सुरक्षा व ऑनलाइन अपराधों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। ऑनलाइन यौन शोषण, ब्लैकमेल या अश्लील सामग्री से संबंधित घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस, साइबर पुलिस स्टेशन, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करने की अपील की गई।