Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

सरकारी विद्यालयों पर लगातार घट रही छात्र संख्या पर चिंतन


बागेश्वर ।   राजकीय शिक्षक संघ की जिला इकाई का जिला अधिवेशन और शिक्षक उन्नयन गोष्ठी गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में हुई। गोष्ठी में सरकारी विद्यालयों में घटती छात्रसंख्या पर चर्चा करते हुए इसके कारणों और समाधान पर शिक्षकों ने सुझाव रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। राइंका बागेश्वर के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। गोष्ठी का विषय ‘सरकारी विद्यालयों में घटती छात्रसंख्या : कारण एवं निवारण’ रखा गया।
वक्ताओं ने कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और अभिभावकों का विश्वास बढ़ाकर ही छात्रसंख्या में वृद्धि की जा सकती है। इसके लिए जमीनी स्तर पर सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में छात्रसंख्या बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इसमें शिक्षक-अभिभावक संघ की भूमिका अहम है। डाइट प्राचार्य कुंदन सिंह रावत, प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी, पूर्व मंडलीय अध्यक्ष विजय गोस्वामी, राजू पूना, ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश नगरकोटी, जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त पंत और जिला मंत्री देवेंद्र सिंह मेहता ने शिक्षक हितों, संगठन की मजबूती और सेवा संबंधी समस्याओं पर विचार रखे। महिला उपाध्यक्ष उमा लोहनी, जिला कोषाध्यक्ष मोहन चंद्र साह, संरक्षक नूर अफजल, जिला संगठन मंत्री भुवन जोशी, अंजू कालाकोटी, मीडिया प्रभारी मिलिंद बिष्ट समेत तीनों विकासखंडों के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। संचालन जिला संगठन मंत्री भुवन जोशी ने किया।
18 जुलाई कोहोंगे प्रांतीय चुनाव
जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त पंत ने बताया कि राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय चुनाव के लिए 18 जुलाई को राइंका बागेश्वर में मतदान होगा। उन्होंने सभी पात्र शिक्षकों से मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।

Advertisement