July 18, 2026

बागेश्वर में शिक्षा के मंदिर में खून: भटखोला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या

विद्यालय के क्लर्क पर हत्या का आरोप, शिक्षा विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

बागेश्वर। जिले के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, भटखोला में शनिवार को हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की कथित तौर पर विद्यालय में कार्यरत क्लर्क नवल किशोर सुराड़ी द्वारा चाकू से हमला कर निर्मम हत्या किए जाने की सूचना है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक, आक्रोश और भय का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी क्लर्क ने विद्यालय परिसर में ही प्रधानाचार्य पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी कर्मचारी लंबे समय से नियमित रूप से विद्यालय नहीं आ रहा था और उसकी अनुपस्थिति तथा कार्यशैली को लेकर शिकायतें भी सामने आई थीं। बताया जा रहा है कि यह मामला हाल ही में आयोजित जनता दरबार में भी उठाया गया था। यदि जांच में ये तथ्य सही पाए जाते हैं, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि समय रहते शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

यह घटना केवल एक जघन्य हत्या नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। जिस विद्यालय को शिक्षा और संस्कार का केंद्र माना जाता है, वहां इस प्रकार की हिंसा पूरे समाज के लिए गहरी चिंता का विषय है।

स्थानीय लोगों, शिक्षकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी मांग उठ रही है कि यदि संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध पहले से शिकायतें लंबित थीं, तो उन पर कार्रवाई न करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही तय की जाए।

दिवंगत प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा के निधन पर शिक्षा जगत और पूरे जनपद में शोक की लहर है। लोगों ने उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।