July 21, 2026

बागेश्वर में प्रधानाचार्य दयानन्द टम्टा हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद, पुलिस पूछताछ में जुटी

बागेश्वर । राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानन्द टम्टा की हत्या के मामले में थाना झिरौली पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जीआईसी भटखोला के समीप प्रभारी प्रधानाचार्य दयानन्द टम्टा पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दयानन्द टम्टा को जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद विद्यालय के शिक्षक गोकुल चन्द्र की तहरीर पर थाना झिरौली में आरोपी नवल किशोर सोराड़ी के खिलाफ एफआईआर संख्या 10/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अल्मोड़ा की फोरेंसिक टीम तथा बागेश्वर फोरेंसिक यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी नवल किशोर सोराड़ी (44 वर्ष), निवासी ग्राम पाटी, जनपद चम्पावत (वर्तमान में प्रशासनिक अधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला), को करालागांव यात्री शेड, बागेश्वर रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी पुलिस उपाधीक्षक कपकोट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।

पुलिस के अनुसार आरोपी से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे निर्धारित समय में न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।