July 19, 2026

भटखोला इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य की हत्या पर पत्रकार यूनियन में रोष, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग


बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री दयानंद टमटा की निर्मम हत्या पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बागेश्वर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इस घटना की कड़ी निंदा की है। यूनियन ने दिवंगत प्रधानाचार्य की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
यूनियन पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि मृतक के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा हत्या के आरोपी के विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र अपनी शांत और सौहार्दपूर्ण संस्कृति के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस प्रकार की वीभत्स घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर किशन सिंह मलड़ा, रमेश प्रकाश पर्वतीय, मनोज टंगनिया, दीपक जोशी, रमेश पांडेय, शौलेन्द्र चौहान, सुमित्रा पांडेय, सीमा खेतवाल, रमेश चंद्र चौबे, अर्जुन राणा, भगवत सिंह नेगी, कृष्णा गड़िया, विपिन जोशी, सुरेश पांडेय, नवल किशोर टमटा (ग्राम प्रधान चौवगांवछीना), वसंत लाल टमटा (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), असों बोहला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यूनियन ने कहा कि इस जघन्य घटना से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है तथा न्याय मिलने तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार उठाई जाती रहेगी।