Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 18, 2026

बैजनाथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार

गरुड़, बागेश्वर। जनपद में अपराध एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र सिंह मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में शुक्रवार को डंगोली-बज्यूला मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपनी पहचान देवेन्द्र कुमार उर्फ बब्लू (28 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण राम, निवासी ग्राम दुदीला, थाना कौसानी, जनपद बागेश्वर के रूप में बताई। आरोपी चाकू रखने का कोई वैध लाइसेंस या संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस संबंध में कोतवाली बैजनाथ में मु0अ0सं0 24/2026 के तहत धारा 4/25 आयुध अधिनियम में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी करीब दो माह पहले लूट के एक मामले में सजा काटकर जेल से रिहा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शस्त्र रखने वालों, असामाजिक तत्वों और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी डंगोली उपनिरीक्षक महेश चन्द्र, हेड कांस्टेबल प्रदीप कोनिया तथा पीआरडी जवान मोहन चन्द्र जोशी शामिल रहे।

Advertisement