मंडलसेरा–कांडा मोटर मार्ग पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बागेश्वर। विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बागेश्वर की ओर से रविवार को मंडलसेरा–कांडा मोटर मार्ग के दोनों ओर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान बाँस, रिंगाल, कचनार, निरगुंडी, अष्टकमल, गुड़हल, पीपल, अमरूद, सिल्वर ओक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम में वन विभाग का भी सक्रिय सहयोग रहा। इस अवसर पर उप वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह टगनियां, वन दारोगा चामु सिंह रावत सहित महेश बलसूनी, मनोज टगनिया, दीपक जोशी, रमेश चौबे, खुशाल गड़िया, मोहन थापा, गिरीश, देश दीपक, शैलेंद्र चौहान, रमेश प्रकाश पर्वतीय, किशन सिंह मलड़ा, हेमंत सिंह, सीमा खेतवाल और मोहन चंद्र पांडे सहित अनेक लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
यूनियन जिलाध्यक्ष किशन सिंह मलड़ा ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंडलसेरा–कांडा मोटर मार्ग के चौड़ीकरण के बाद आबादी क्षेत्र को भूस्खलन और भू-कटाव जैसी प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयंसेवकों, वन विभाग और स्थानीय जनमानस के साझा प्रयास से निभाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने हरित बागेश्वर के निर्माण और प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
