Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 21, 2026

वृद्ध जागेश्वर-जागेश्वर ट्रेक का आयुक्त ने किया निरीक्षण, पर्यटन सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश


अल्मोड़ा । कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को वृद्ध जागेश्वर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और इसके बाद वृद्ध जागेश्वर से जागेश्वर धाम तक पैदल ट्रेक कर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेक मार्ग की स्थिति का जायजा लिया तथा क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन विकास की संभावनाओं पर स्थानीय लोगों से चर्चा कर उनके सुझाव भी लिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ट्रेक मार्ग के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए क्षतिग्रस्त स्थानों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा बरसात के दौरान फिसलन वाले हिस्सों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेक मार्ग को सुरक्षित, सुगम और आकर्षक बनाया जाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक इस प्राकृतिक एवं धार्मिक धरोहर का अनुभव कर सकें। इसके बाद आयुक्त जागेश्वर धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान जागेश्वर के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आयुक्त ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर से जागेश्वर धाम तक का पैदल ट्रेक धार्मिक, प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके समुचित विकास और रखरखाव से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को ट्रेक मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, फिसलन वाले स्थानों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement