July 21, 2026

लमगड़ा में 1.81 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार


अल्मोडा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लमगड़ा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 908 ग्राम अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 81 हजार 600 रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक और प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शनिवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विष्णु मंदिर मोड़ से स्यूरी गांव की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर एक व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 908 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी संतोष राम पुत्र गोविंद राम निवासी ग्राम भुमका, थाना मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल को गिरफ्तार कर थाना लमगड़ा में एफआईआर संख्या 13/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में मोरनौला चौकी प्रभारी नरेश कोहली, हेड कांस्टेबल पंकज वर्मा, कांस्टेबल विशन सिंह, एसओजी के हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला तथा कांस्टेबल राकेश खेतवाल शामिल रहे।