गरुड में अस्पताल की बदहाली पर कांग्रेस ने दो घंटे किया सांकेतिक जाम
गरुड, बागेश्वर । सोबन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कंटर बजाते हुए बैजनाथ तिराहे से जुलूस निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर दो घंटे तक सांकेतिक धरना दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर अस्पतालों में मशीनें तो लगा रही है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों और ऑपरेटरों की कमी के कारण उनका लाभ मरीजों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रसूखदारों का उपचार हो रहा है, जबकि गरीब मरीज परेशान हैं।कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण आर्या ने अस्पताल में दवाओं की कमी और 108 सेवा उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि एंबुलेंस के लिए ईंधन तक का बजट नहीं है। यह स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति सरकार की घोर लापरवाही है। उन्होंने बताया कि गढ़वाल क्षेत्र से भी मरीज इलाज के लिए बैजनाथ पहुंचते हैं। चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल नहीं हुईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा और गांव-गांव जाकर लोगों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। प्रदर्शन में प्रकाश कोहली, हरीश जोशी, गिरीश तिवारी, गोपाल राम, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत, लक्ष्मण आर्या, संजय फर्स्वाण, शैलेंद्र सिंह, आनंद कुमार, धीरज कुमार, टीका चंद्र आदि मौजूद रहे।
