बीएसएनएल कर्मचारियों का तीन दिवसीय धरना शुरू
देहरादून । बीएसएनएल इम्प्लाइज यूनियन, एनएफटीई-बीएसएनएल और बीएसएनएलसीसीडब्ल्यू की केंद्रीय समन्वय समिति के आह्वान पर बुधवार से बीएसएनएल परिमंडल कार्यालय,पटेल नगर में तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया। यह धरना 24 जुलाई तक चलेगा। कर्मचारी ने केंद्र सरकार और बीएसएनएल प्रबंधन से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।
धरने में वक्ताओं ने बीएसएनएल के लिए तीसरे पीएसआरयू की अपग्रेडेबिलिटी क्लॉज को जल्द लागू करने, गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए एक जनवरी 2017 से लंबित वेतन संशोधन (वेज रिवीजन) को मंजूरी देने और राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन के तहत बीएसएनएल की परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की। इसके अलावा पेंशनभोगियों के लिए एक जनवरी 2017 से पेंशन संशोधन, कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की छंटनी पर रोक, न्यूनतम वेतन का नियमित भुगतान तथा कैजुअल लेबर व टीएसएम कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतनमान लागू करने की मांग भी उठाई गई।
धरने में एनएफटीई के परिमंडल अध्यक्ष जेपी कोठारी, बीएसएनएल इम्प्लाइज यूनियन उत्तराखंड परिमंडल के अध्यक्ष केएस सोनी, परिमंडलीय सचिव देवेंद्र सिंह विष्ट, जिला सचिव (एनएफटीई) गजेंद्र प्रसाद, जिला सचिव (बीएसएनएलईयू) किशोरी लाल चमोली, हुकम सिंह, पूरन सिंह बिष्ट, यादवेंद्र प्रसाद, रीना, मुन्नी जैनी, उषा, मोहन और संतोष सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
