इंडिया स्किल्स-2026 के लिए पंजीकरण शुरू, 31 अगस्त तक करें आवेदन
63 कौशल प्रतियोगिताओं में मिलेगा हुनर दिखाने का मौका, उत्कृष्ट प्रतिभागी करेंगे वर्ल्ड स्किल्स में भारत का प्रतिनिधित्व
बागेश्वर, संवाददाता। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित इंडिया स्किल्स-2026 प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रतियोगिता का उद्देश्य देश के प्रतिभाशाली युवाओं की तकनीकी एवं व्यावसायिक दक्षताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता में इस वर्ष सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, फैशन टेक्नोलॉजी, वेल्डिंग, रोबोटिक्स, कुकिंग, ब्यूटी थेरेपी, हेयर ड्रेसिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, प्लंबिंग समेत 63 विभिन्न कौशल क्षेत्रों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन जिला, राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
16 से 23 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक SIDH (स्किल इंडिया डिजिटल) पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए www.skillindiadigital.gov.in पर लॉगिन किया जा सकता है।
प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी www.worldskillsindia.co.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, बागेश्वर के दूरभाष 05963-220110 पर कार्यालय समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन करने और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की हैं ।
