July 24, 2026

प्रधानाचार्य हत्याकांड के बाद जीआईसी भटखोला पहुंची पुलिस, विद्यार्थियों व शिक्षकों का बढ़ाया मनोबल

बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज, भटखोला में हाल ही में हुए प्रधानाचार्य हत्याकांड के बाद विद्यालय का माहौल सामान्य बनाने के लिए गुरुवार को थाना झिरौली पुलिस की टीम विद्यालय पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रभारी प्रधानाचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के भय या भ्रम में न रहें और नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रखें। छात्रों को अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस टीम ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और कर्मचारियों से भी विद्यार्थियों का मनोबल बनाए रखने, उन्हें मानसिक रूप से मजबूत करने तथा विद्यालय में शैक्षणिक और अनुशासित वातावरण सामान्य रखने में सहयोग देने का अनुरोध किया।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी विद्यालय के प्रधानाचार्य की उनके ही स्टाफ के एक कर्मचारी ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद विद्यालय परिवार सदमे और असमंजस की स्थिति में है।

इस दौरान पुलिस ने आश्वस्त किया कि हत्याकांड की विवेचना निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से की जा रही है तथा दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।