सीमांत कमस्यार में सड़क मरम्मत कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, अगस्त के पहले सप्ताह तक काम पूरा करने के निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार को तहसील काँडा के सीमांत कमस्यार क्षेत्र का दौरा कर वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं स्कबर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले खातीगाँव–देवतोली मोटर मार्ग के किलोमीटर 02 पर वर्षा से क्षतिग्रस्त कल्मट के पुनर्निर्माण कार्य का जायजा लिया। एसडीआरएफ मद से 10.23 लाख रुपये की लागत से चल रहे इस कार्य की प्रगति धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को अगस्त के प्रथम सप्ताह तक निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना समय पर पूरा किया जाए तथा पेयजल लाइन को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता एन.के. जोशी ने बताया कि 29 जून को हुई भारी वर्षा के चलते कल्मट वॉशआउट हो गया था, जिसके बाद पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बासफटान–रावतसेरा मोटर मार्ग के किलोमीटर 05 पर क्षतिग्रस्त स्कबर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र निर्माण प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर गिरे पेड़ों और मलबे को तत्काल हटाकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जगदीश पुरी, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता एन.के. जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
