चंद घंटों में हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बागेश्वर । बागेश्वर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त साक्ष्य जुटाकर आरोपियों को कांडा रोड स्थित फल्टनिया कच्ची सड़क क्षेत्र से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को फिटालगांव निवासी फकीर राम ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके साले गोपाल राम की जीवन सिंह कुंवर और पुष्कर सिंह ने मारपीट कर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, जबकि विवेचना पुलिस उपाधीक्षक अजय साह को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवन सिंह कुंवर (42 वर्ष) और पुष्कर सिंह (52 वर्ष), निवासी गोगीनापानी, पोस्ट फल्याटी, थाना एवं जिला बागेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्हें नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
