बागेश्वर में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बागेश्वर । चौरा-भैरूचौबड़ा मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्राम पंचायत भैरूचौबड़ा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2006 से प्रस्तावित यह मोटर मार्ग अब तक लंबित है। सड़क का निर्माण नहीं होने से इसके दायरे में आने वाले पांच गांवों के ग्रामीणों को आज भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान दया ने कहा कि सड़क सुविधा नहीं होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। उन्होंने जिलाधिकारी से मोटर मार्ग का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।ज्ञापन देने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य अमिता देवी, राजेंद्र प्रसाद, कमलेश चंद्र, नवीन चंद्र, नीरज कुमार और भूपेंद्र आर्या आदि शामिल रहे।
