Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 5, 2026

पेपर लीक के विरोध में यूकेडी का प्रदर्शन


बागेश्वर । उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शनिवार को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान आयोजित सभा में संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने देशभर में सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में आक्रोश रैली निकाली और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मंडलसेरा बाईपास स्थित पार्टी कार्यालय से नगर तक रैली निकाली। इसके बाद सरयू-गोमती संगम तट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के आंदोलनों को दमनकारी नीति से कुचलना चाहती है, लेकिन उसे याद रखना चाहिए कि युवा देश का भविष्य हैं। प्रदेश कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार छात्रों व आम जनता की समस्याएं सुनने के बजाय अहंकार की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाते हुए पुलिस कार्रवाई की निंदा की। इस मौके पर भुवन कांडपाल, संजय कुमार, प्रेम दानू, राहुल कुमार, भावना, मनोज चौहान और हीरा बल्लभ भट्ट समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You may have missed

Advertisement