प्रीत विहार के 30 परिवार वर्षों से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर
रुद्रपुर । रुद्रपुर के फाजलपुर महरौला स्थित प्रीत विहार कॉलोनी के करीब 30 परिवार वर्षों से बिजली कनेक्शन के अभाव में अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है। वार्ड नंबर-25 स्थित शनि मंदिर के निकट प्रीत विहार कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद आज तक उनके घरों में बिजली कनेक्शन नहीं लगाए गए हैं। इससे उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी के कई मकान वर्ष 2012 में बन गए थे, लेकिन आज तक उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिल सका। उनका कहना है कि उस समय आसपास के क्षेत्रों में बिजली कनेक्शन दिए गए थे, लेकिन किसी कारणवश उनकी कॉलोनी को इससे वंचित रखा गया। इसके चलते कई परिवार वर्षों से विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। बिजली न होने का सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। इसके अलावा घरेलू कार्यों के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी बढ़ गई हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में लगी स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन भी काट दिए गए हैं, जिससे रात के समय पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता है। स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने और कॉलोनी के सभी परिवारों को शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है।
