जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी ने सुनीं 11 जनसमस्याएं, अधिकांश का मौके पर हुआ समाधान
समस्याओं के समयबद्ध एवं स्थायी निस्तारण के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन और ‘हेलो बागेश्वर’ की भी की समीक्षा
बागेश्वर। अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विद्युत, आपदा, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
‘हेलो बागेश्वर’ की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी ने ‘हेलो बागेश्वर’ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समय पर समाधान उपलब्ध कराया जाए।
सीएम हेल्पलाइन में जीरो पेंडेंसी पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करते हुए जीरो पेंडेंसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
कॉलिंग प्रतिशत 100 फीसदी करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने जनशिकायतों के संबंध में होने वाली फीडबैक कॉलिंग का प्रतिशत शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के संबंध में फीडबैक लेने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि जिन विभागों का कॉलिंग प्रतिशत 50 प्रतिशत से कम पाया जाएगा, उनके संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन आहरण पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जनशिकायतों के निस्तारण और फीडबैक प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
