September 3, 2026

ऑपरेशन प्रहार में बागेश्वर पुलिस का बड़ा प्रहार: अल्टो कार से 144 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

बागेश्वर। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कपकोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्टो कार से 144 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कार को पुलिस ने सीज कर दिया।

उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

इसी क्रम में 2 सितंबर 2026 की रात थाना कपकोट पुलिस टीम थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। थाना कपकोट से करीब 3 किलोमीटर उत्तर दिशा में पालीडुंगरा के पास पुलिस ने एक संदिग्ध अल्टो कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें 3 गत्ते की पेटियों में छिपाकर रखे गए कुल 144 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने वाहन संख्या UK06AU8327 को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

मामले में थाना कपकोट में FIR संख्या 57/2026, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

फरार तस्कर की तलाश तेज

पुलिस के अनुसार फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

कपकोट पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।