बागेश्वर में पुलिस का नशे पर प्रहार, तीन नाली भांग की अवैध खेती उखाड़कर की नष्ट
बागेश्वर। जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम पुडकुनी में करीब तीन नाली भूमि में उगाई गई भांग की अवैध फसल को पूरी तरह उखाड़कर नष्ट कर दिया।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के दिशा-निर्देशन और पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक एसओजी के नेतृत्व में टीम ने गांव में पहुंचकर भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने फसल को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया, जिससे अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने का संदेश गया।
ग्रामीणों और युवाओं को किया जागरूक
कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और इससे होने वाले सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा अवैध खेती किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने चेतावनी दी कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूचना देने की अपील
बागेश्वर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अवैध खेती की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए मानस पोर्टल हेल्पलाइन नंबर 1933 अथवा नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के खिलाफ अभियान को मजबूती मिली है।
