भरसार विवि में कांग्रेस का प्रदर्शन, छात्रा की मौत और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गोदियाल ने उठाए सवाल
श्रीनगर गढ़वाल । वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (वीसीएसजी यूयूएचएफ) भरसार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रा की मौत और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर आक्रोश जताया। आरोप लगाया कि विवि की ओर से बीमार छात्रा को समय से सही उपचार नहीं मिला और कई अस्पतालों से रेफर होने के बाद अंत में उसने दम तोड़ दिया।बृहस्पतिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भरसार विवि पहुंचे। जहां विवि में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। गोदियाल ने छात्रों से संवाद कर विवि में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारियां ली। कहा कि विवि में स्वास्थ्य सुविधाओं का टोटा बना हुआ है।चिकित्सक नहीं होने छात्रा की इस प्रकार से मौत होना दुर्भाग्यपूण है। जब विवि के पास स्थाई चिकित्सक नहीं है तो किसी पर कार्रवाई का क्या मतलब। कहा कि विवि प्रशासन को जवाब देना पड़ेगा कि बीमार छात्रा को भरसार से पाबौ, पौड़ी, श्रीनगर और फिर ऋषिकेश एम्स के लिए क्यों रेफर करना पड़ा।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह पर निशाना साधा: गोदियाल ने विवि में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत पर निशाना साधते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए। कहा कि डॉ. धन सिंह रावत ने बतौर स्वास्थ्य मंत्री भरसार विवि में स्थाई डॉक्टर तैनात करने की घोषणा की थी। लेकिन आज तक भी विवि में डॉक्टर तैनात नहीं हुए। गोदियाल ने मामले में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से फोन पर वार्ता की। बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि सीएमओ पौड़ी से बात कर विवि में डॉक्टर तैनात करने के लिए निर्देशित करेंगे। हालांकि इस पर भी गाेदियाल ने कहा कि ये भी हो पाएगा या नहीं, ये कुछ दिन में पता चल जाएगा।
रानीचौरी कैंपस से फार्मासिस्ट तैनात करने की तैयारी: भरसार विवि में छात्रा की मौत के मामले में निलंबित हुए डिस्पेंसरी फार्मासिस्ट की जगह अब टिहरी के वानिकी परिसर रानीचौरी से फार्मासिस्ट को तैनात करने की तैयारी है। कुलसचिव डॉ. सीपी सती ने बताया कि इस संबंध में पत्र भेजा गया है। जल्द ही फार्मासिस्ट भरसार में तैनात होंगे।
