गरुड़ में 38 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान
घर के कमरे में लटका मिला शव, दरवाजा अंदर से था बंद; पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तोड़ा दरवाजा
गरुड़, बागेश्वर। गरुड़ ब्लॉक के पचना गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 38 वर्षीय युवक का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के दोनों दरवाजे अंदर से बंद होने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पचना निवासी बसंत कुमार पुत्र बची राम (38) अपने घर पर था। बसंत कुमार की पत्नी दीपा देवी अपने बच्चों के साथ गरुड़ में किराये के मकान में रहती हैं। शनिवार सुबह वह बच्चों की किताबें लेने के लिए पचना स्थित घर पहुंचीं। घर पहुंचने पर कमरे के अंदर बसंत कुमार फांसी के फंदे से लटका मिला।
घटना का दृश्य देखते ही पत्नी ने इसकी सूचना पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश कोहली को दी। प्रकाश कोहली ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ कोतवाली से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तो कमरे के दोनों दरवाजे अंदर से बंद मिले। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा और कमरे के अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
बैजनाथ कोतवाली के कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर भेजा जा रहा है।
युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद पचना गांव में शोक का माहौल है।
