September 5, 2026

टेक्नीशियन के अभाव में एक्सरे मशीनों का संचालन ठप


नई टिहरी ।  जिले के 12 में से 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्सरे टेक्नीशियन न होने से एक्सरे मशीनों का संचालन ठप पड़ा है जिससे क्षेत्र के लोगों को एक्सरे की सुविधा के लिए अन्य केंद्रों के अलावा जिला अस्पताल बौराड़ी का रुख करना पड़ रहा है।जिले के नौ ब्लॉकों में 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। 4 ऐसे स्वास्थ्य केंद्रों में है, जिनमें एक्सरे मशीनें तो है, लेकिन उसके संचालन के लिए टेक्नीशियन नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को एक्सरे की सुविधा नहीं मिल रही है। टेक्नीशियन के अभाव में स्वास्थ्य केंद्रों में रखी मशीनें धूल फांक रही हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्सरे की सुविधा न मिलने से संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों आपातकालीन स्थिति या चोट लगने के दौरान एक्सरे के लिए कई किलोमीटर दूर अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा जिला अस्पताल बौराड़ी का आना पड़ता है। टेक्नीशियन के अभाव में लाखों की रुपये की मशीनें स्वास्थ्य केंद्रों पर बेकार पड़ी है। सीएचसी मदन नेगी की एक्सरे टेक्नीशियन प्रसव अवकाश होने से मशीन का संचालन बंद पड़ा है।
जिले के सभी 12 सीएचसी के अलावा जिला और उप जिला अस्पताल में एक्सरे मशीन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिन केंद्रों में टेक्नीशियन नहीं हैं उन पर टेक्नीशियनों की नियुक्ति हेतु शासन को पत्र भेजा गया है। डॉ़ राम प्रकाश, सीएमओ टिहरी ।