Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 25, 2026

ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48 वाहन चालकों पर शिकंजा

14 वाहनों के कोर्ट चालान, 2 वाहन सीज; शांति व्यवस्था भंग करने पर 16 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई

बागेश्वर। समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीमों द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 7 सितंबर 2026 को बागेश्वर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 48 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 14 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 2 वाहनों को सीज किया गया।

सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर भी कार्रवाई

पुलिस ने केवल यातायात नियमों के उल्लंघन तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले 5 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं 11 व्यक्तियों के खिलाफ कोटप्पा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नियमों का पालन करने की अपील

बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने तथा कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने जैसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें।

पुलिस ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति हुड़दंग करता है या अशांति फैलाने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बागेश्वर पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Advertisement