मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण को मिलेगी रफ्तार
डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, एक सप्ताह में संशोधित डीपीआर शासन को भेजने के निर्देश
बागेश्वर। नगर में लंबे समय से अधर में लटकी मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना के फिर से गति पकड़ने की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने मंगलवार को बागेश्वर-गरुड़ मोटरमार्ग पर बस स्टैंड के समीप निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी लेते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संशोधित डीपीआर एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण से छोटे वाहनों और बसों के लिए व्यवस्थित एवं सुरक्षित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही जाम और अनधिकृत पार्किंग की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी।
60 छोटे वाहन और 13 बसें हो सकेंगी पार्क
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बस स्टैंड के निकट प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग में 60 छोटे वाहनों और 13 बसों को खड़ा करने की क्षमता होगी। परियोजना के लिए 4 करोड़ 19 लाख 67 हजार रुपये की संशोधित डीपीआर तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि बजट के अभाव में वर्ष 2021 से निर्माण कार्य बाधित है। आवश्यक धनराशि उपलब्ध होने के बाद ही निर्माण कार्य को पूरा किया जा सकेगा। शासन से धनराशि मिलने के बाद करीब डेढ़ वर्ष में पार्किंग का निर्माण पूरा किए जाने की संभावना है।
डीएम ने अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी सभी आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
