September 19, 2026

टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली

पेंटिंग, भाषण, स्लोगन और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया टीबी से बचाव का संदेश

बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज मंडलसेरा के एनसीसी कैडेट्स ने शुक्रवार, 19 सितंबर को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मंडलसेरा क्षेत्र में वृहद जागरूकता रैली निकालकर लोगों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान कैडेट्स ने विभिन्न स्लोगनों के माध्यम से टीबी की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के प्रति लोगों को जागरूक किया।

एनसीसी निदेशालय एवं 81 यूके बटालियन एनसीसी बागेश्वर के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल कमलदीप के दिशा-निर्देशन में आयोजित अभियान का नेतृत्व एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन मोहन धामी ने किया। रैली में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए समाज को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

अभियान के दौरान कैडेट्स ने पेंटिंग, भाषण, स्लोगन लेखन तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से टीबी के लक्षणों, बचाव और समय पर उपचार के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि टीबी का समय पर पता लगाकर नियमित उपचार कराया जाए तो इस बीमारी से पूरी तरह मुक्ति संभव है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. केएन कांडपाल सहित मुकुल भाकुनी, राजेंद्र बिष्ट, रचना मेहता, जानकी, भवानी जोशी, किशन नेगी समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय परिवार ने एनसीसी कैडेट्स की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।