बागेश्वर पुलिस के हाथ लगी नशे की बड़ी खेप , 2 किलो 162 ग्राम चरस के साथ 62 साल का तस्कर गिरफ्तार
महादेव पुलिया के पास एसओजी का शिकंजा, अब खंगाला जा रहा चरस के धंधे का पूरा नेटवर्क
बागेश्वर। कपकोट में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी चोट की है। एसओजी टीम ने महादेव पुलिया, गोलना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2 किलो 162 ग्राम अवैध चरस के साथ एक 62 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में चरस बरामद होने के बाद पुलिस अब सिर्फ आरोपी तक सीमित न रहकर उसके पीछे सक्रिय तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 सितंबर को एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना थी कि गोलना क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास चरस की खेप है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसओजी टीम ने महादेव पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पदम सिंह टाकुली पुत्र शेर सिंह, निवासी बैछम, थाना कपकोट के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसके पास चरस होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी कराई। तलाशी में उसके कब्जे से 2 किलो 162 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
कहां से आई खेप, किसे होनी थी सप्लाई?
चरस की इतनी बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि नशे की यह खेप आरोपी तक पहुंची कहां से ।
एसपी जितेंद्र मेहरा ने पत्रकारों को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह खेप रुद्रपुर सप्लाई की जानी थी और जिसे दिया जाना था पुलिस के पास उसका भी नम्बर मौजूद है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच में यदि तस्करी की कड़ियां सामने आती हैं तो नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
मामले में थाना कपकोट में मुकदमा अपराध संख्या 63/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
एसओजी की टीम ने दबोचा
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक सलाउद्दीन खान, प्रभारी एसओजी, उपनिरीक्षक जीवन सामंत, कांस्टेबल कुलदीप वर्मा, संतोष सिंह, रमेश सिंह, भुवन बोरा और चालक कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। अब जांच का अगला पड़ाव आरोपी से पूछताछ और उस नेटवर्क तक पहुंचना है, जहां से चरस की यह खेप आई थी। और जहां तक जानी थी।
