Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

देहरादून के वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी विकास गर्ग को ‘आप’ ने बनाया प्रदेश प्रवक्ता


 देहरादून ।  आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी मीडिया टीम को मजबूत करते हुए बड़ी नियुक्ति की है। देहरादून के वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी और जन-सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले विकास गर्ग को पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इस संबंध में प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव और सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज की ओर से बुधवार को नियुक्ति पत्र (Ref No: UK/2026/078) जारी किया गया। पार्टी कार्यालय से जारी पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रीय नेतृत्व को भी भेजी गई है।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
प्रदेश प्रवक्ता मनोनीत होने के बाद विकास गर्ग ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव और सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक साधारण पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सम्मान की बात है।
बोले विकास गर्ग- उत्तराखंड के मुद्दों को मजबूती से उठाऊंगा
अपने वक्तव्य में विकास गर्ग ने कहा, “पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता और सामाजिक कार्यों के माध्यम से मैंने उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों को उठाने का प्रयास किया है। आम आदमी पार्टी की शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार विरोधी नीति से प्रभावित होकर मैं पार्टी से जुड़ा। अब प्रवक्ता के तौर पर मेरी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उत्तराखंड में बेरोजगारी, पलायन, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और युवाओं के मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ सरकार के सामने रखूंगा और पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाऊंगा।”
गौरतलब है कि विकास गर्ग देहरादून में पत्रकारिता जगत में एक जाना-पहचाना नाम हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। उनके प्रवक्ता बनने से पार्टी को मीडिया में एक मजबूत और बेबाक आवाज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।

Advertisement