Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 14, 2026

जन्म से दिव्यांग बच्चों को भी मिलेगी पेंशन, उत्तराखंड के हजारों परिवारों को राहत की उम्मीद


 देहरादून ।  जन्म से दिव्यांग बच्चों को भी अब पेंशन का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्र सरकार के इस फैसले से उत्तराखंड के हजारों दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिल सकता है। प्रदेश में 40 प्रतिशत दिव्यांगता पर पहले से ही पेंशन दिए जाने की व्यवस्था लागू है। ऐसे में नई व्यवस्था का सबसे अहम पहलू जन्म से दिव्यांग बच्चों को योजना के दायरे में लाना और पात्रता से जुड़ी आयु सीमा में बदलाव है।
समाज कल्याण विभाग के सामाजिक सुरक्षा राज्य पोर्टल के वित्तीय वर्ष 2026-27 के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में वर्तमान में 90,750 दिव्यांग पेंशन का लाभ ले रहे हैं। इनके लिए 81 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की राशि दर्ज है। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो हरिद्वार 13,818 पेंशनधारकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि ऊधम सिंह नगर में 12,909 लाभार्थी हैं। देहरादून में 11,877 और टिहरी गढ़वाल में 8,842 दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे हैं।
इसके अलावा अल्मोड़ा में 7,771, पौड़ी गढ़वाल में 7,409, नैनीताल में 6,674, उत्तरकाशी में 5,110, पिथौरागढ़ में 3,878, चमोली में 3,710, बागेश्वर में 3,371, चंपावत में 2,885 और रुद्रप्रयाग में 2,496 लाभार्थी पेंशन योजना से जुड़े हैं। ये आंकड़े प्रदेश में दिव्यांग पेंशन पर निर्भर बड़ी आबादी की तस्वीर पेश करते हैं।
अब तक केंद्रीय योजना के तहत 18 से 79 वर्ष की आयु के पात्र गंभीर या बहु-दिव्यांगता वाले लोगों को सहायता दी जाती थी। नई व्यवस्था में न्यूनतम आयु की शर्त समाप्त होने से जन्म से दिव्यांग बच्चे भी अन्य निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने पर लाभ के दायरे में आ सकेंगे। केंद्र सरकार के अनुसार, संशोधित नियमों को दिशा-निर्देश जारी होने के तीन महीने के भीतर लागू किया जाना है।
हालांकि, उत्तराखंड में इस व्यवस्था को लागू करने के लिए नए दिशा-निर्देशों और पात्रता संबंधी स्पष्टता का इंतजार है। इससे यह तय होगा कि राज्य में जन्म से दिव्यांग बच्चों को किस प्रक्रिया के तहत पेंशन मिलेगी और उन्हें केंद्रीय सहायता का लाभ किस प्रकार दिया जाएगा।
उत्तराखंड में वर्तमान दिव्यांग पेंशन योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह 1500 रुपये दिए जाते हैं। मौजूदा राज्य योजना में आयु सीमा 18 से 59 वर्ष निर्धारित है। गरीबी रेखा से ऊपर के परिवारों की वार्षिक आय 48 हजार रुपये से कम होनी चाहिए। बीपीएल परिवारों को 300 रुपये केंद्रीय अंश और 1200 रुपये राज्यांश के रूप में मिलते हैं, जबकि अन्य पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। पात्र कुष्ठ रोगियों के लिए 1000 रुपये मासिक पेंशन का प्रावधान है।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजय खेतवाल के अनुसार, प्रदेश में 40 प्रतिशत दिव्यांगता की न्यूनतम सीमा पहले से लागू है। नई व्यवस्था से जन्म से दिव्यांग बच्चों को भी आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता खुल सकता है। अब निगाहें केंद्र के दिशा-निर्देशों और राज्य में इनके क्रियान्वयन पर टिकी हैं।

You may have missed

Advertisement