लोकगायिका हेमा नेगी करासी को उत्तराखंड गौरव सम्मान
रुद्रप्रयाग । जिले की सुप्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी को उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए चयनित किया है। लोकसंस्कृति, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके करीब 25 वर्षों के योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। छह नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उन्हें सम्मानित करेंगे।वर्ष 2003 में राजकीय इंटर कॉलेज काण्डई के मंच से पहली प्रस्तुति देने वाली हेमा नेगी करासी ने आछरी जागर, नागराज जागर, चंडिका भजन, देवी-देवताओं के जागर और पारंपरिक मंगल गीतों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने लोकगीतों और जागरों से उत्तराखंड की लोकआस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया है। इससे पहले उन्हें वर्ष 2025 में तीलू रौतेली पुरस्कार, 2024 में संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार और वर्ष 2021 में मां नंदा शक्ति सम्मान मिल चुका है। वर्ष 2026 में अमेजिंग इंडिया अवॉर्ड से भी उन्हें सम्मानित किया गया है।
