दीपावली पर बागेश्वर पुलिस का सख्त पहरा, शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका में 17 गिरफ्तार
त्योहारी माहौल में हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर, धारा 170 BNSS के तहत की गई निरोधात्मक कार्रवाई
बागेश्वर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
इसी अभियान के तहत कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने तथा अशांति फैलाने की आशंका के मद्देनजर 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया। आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन ने असामाजिक एवं अराजक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, विवाद, अशांति फैलाने अथवा कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
