दीपावली पर अलर्ट मोड में फायर सर्विस, नुमाईश खेत के पास वाहन में लगी आग पर मिनटों में पाया काबू; टला बड़ा हादसा
बिजली ट्रांसफार्मर और घनी आबादी के बीच लगी थी आग, फायर टीम की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
बागेश्वर। दीपावली पर्व को देखते हुए जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए फायर सर्विस बागेश्वर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेंद्र मेहरा (IPS) के कड़े निर्देशन में अग्निशमन विभाग लगातार सतर्कता बरत रहा है। इसी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण बीती रात नुमाईश खेत के समीप देखने को मिला, जहां एक पुराने वाहन में लगी आग पर फायर सर्विस की टीम ने समय रहते काबू पाकर बड़े हादसे की आशंका टाल दी।
जानकारी के अनुसार, बीती रात्रि फायर स्टेशन बागेश्वर को सूचना मिली कि नगर के नुमाईश खेत के पास खड़े एक पुराने छोटा हाथी वाहन की डिग्गी में रखे कूड़े में आग लग गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (FSSO) श्री दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि वाहन की डिग्गी में आग धधक रही थी। घटनास्थल के ठीक नजदीक बिजली का ट्रांसफार्मर और घनी आबादी वाले आवासीय भवन मौजूद थे। ऐसे में आग के फैलने पर न केवल विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने, बल्कि आसपास के घरों में भी आग पहुंचने का गंभीर खतरा बना हुआ था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। वॉटर टेंडर वाहन से पंपिंग कर हौज पाइप के माध्यम से आग पर लगातार पानी की बौछार की गई। फायर टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते आग को आसपास के ट्रांसफार्मर और आवासीय भवनों तक फैलने से रोक लिया गया। कुछ ही देर में आग पूरी तरह बुझा दी गई।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई बड़ा नुकसान हुआ। दीपावली जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान फायर सर्विस की इस मुस्तैदी से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
फायर सर्विस की अपील: दीपावली पर आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतें। ज्वलनशील पदार्थों, कूड़े के ढेर और वाहनों के आसपास पटाखे न जलाएं। किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल फायर सर्विस को सूचना दें।
सतर्कता, तत्परता और जिम्मेदारी—फायर सर्विस बागेश्वर ने फिर निभाया सुरक्षा का दायित्व।
