रिजर्व पुलिस लाइन मालता में मंगलवार की परेड का आयोजन, जवानों ने किया शस्त्राभ्यास; अनुशासन और फिटनेस पर दिया जोर
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के आदेशानुसार मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन मालता में साप्ताहिक मंगलवार परेड का आयोजन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक कपकोट श्री राजेश साह की उपस्थिति में आयोजित परेड में पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, मदों एवं गणना के हकदार पुलिस जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
परेड के दौरान पुलिस उपाधीक्षक श्री राजेश साह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी जवानों को वर्दी की साफ-सफाई, बेहतर टर्नआउट और उच्च स्तरीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस जवानों ने तेज चाल, मार्च पास्ट, ड्रिल एवं शस्त्राभ्यास का अभ्यास किया। साथ ही जवानों को सैल्यूट और स्क्वाड ड्रिल की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराते हुए परेड के दौरान एकरूपता, अनुशासन एवं बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक ने जवानों के बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस को ड्यूटी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए नियमित व्यायाम, स्वास्थ्य प्रबंधन एवं शारीरिक सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं अनुशासित पुलिस बल ही अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ऊर्जा और तत्परता के साथ कर सकता है।
इसके अतिरिक्त कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी के दृष्टिगत जवानों को शस्त्रों के सही संचालन, सुरक्षित उपयोग एवं रख-रखाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, कार्यकुशलता एवं आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना रहा, ताकि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहें।
