Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 18, 2026

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बागेश्वर पुलिस अलर्ट, सड़कों पर उतरी पुलिस टीम; 41 वाहन चालकों पर कार्रवाई

स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख; चालकों को दी गई कड़ी चेतावनी

बागेश्वर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बागेश्वर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए जनपदभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 17 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूल बसों और वैन की गहनता से जांच की। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बागेश्वर एवं कपकोट के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न मार्गों पर स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं, चालकों को सख्त हिदायत

चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने को कहा गया।

पुलिस ने स्कूली वाहनों में प्राथमिक उपचार पेटी (फर्स्ट एड बॉक्स), अग्निशमन यंत्र और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी आपात स्थिति में बच्चों को तत्काल सहायता मिल सके।

41 चालकों पर कार्रवाई, एक वाहन का न्यायालय चालान

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें एक वाहन का चालान माननीय न्यायालय के लिए किया गया।

बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों के सफर को सुरक्षित बनाना और अभिभावकों के मन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी है।

Advertisement