Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 23, 2026

कांडा के भेंटा गांव में दुस्साहसिक वारदात: घर में घुसकर 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बनाया बंधक, हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार बदमाश

एक ही पंचायत के भेंटा और करड़ियागांव में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश, क्षेत्र में दहशत का माहौल; पुलिस ने चार टीमें गठित कर शुरू की बदमाशों की तलाश।

कांडा (बागेश्वर)। कांडा क्षेत्र में चोरी और लूटपाट की घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भेंटा गांव में बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए घर में अकेली रह रही 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला तारा देवी को निशाना बना लिया। शनिवार शाम घर में घुसे दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को पकड़कर उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा बांधकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश घर में रखे सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, तारा देवी घर में अकेली रहती हैं। उनके छोटे बेटे नीरज जोशी रुद्रपुर में नौकरी करते हैं, जबकि बड़े बेटे ललित मोहन जोशी गांव में ही रहते हैं, लेकिन घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। बदमाशों ने घर में घुसकर पहले बुजुर्ग महिला को अपने कब्जे में लिया और रस्सी से उनके हाथ-पैर बांध दिए। चेहरे पर कपड़ा लपेटकर उनके गले से चाबी निकाली और अलमारी में रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

पीड़िता के अनुसार, बदमाश करीब डेढ़ तोले का सोने का मंगलसूत्र, कान के झुमके समेत कुल सवा दो तोला सोने के आभूषण और करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद से गांव में भय और असुरक्षा का माहौल है।

बुजुर्ग महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उनके हाथ-पैर खोले। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। रविवार सुबह सीओ राजेश साह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता से जानकारी ली। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। सीओ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना में परिचितों की संलिप्तता की आशंका भी सामने आई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

एक ही पंचायत में दूसरी वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश

चिंता की बात यह है कि इसी पंचायत के करड़ियागांव में पूर्व में भी चोरी की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही वारदातों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब भेंटा गांव में एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांवों में बुजुर्ग और अकेले रहने वाले लोग भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और भेंटा गांव की घटना में शामिल बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

सवाल यह है कि आखिर कांडा क्षेत्र में बेखौफ हो रहे अपराधियों पर लगाम कब लगेगी? एक ही पंचायत में लगातार चोरी की घटनाएं होना पुलिस और प्रशासन के लिए भी गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।

You may have missed

Advertisement