Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 23, 2026

सिर्फ नैरेटिव से चुनाव नहीं जीते जाते, सत्ता के लिए मजबूत संगठन और भीतरघात पर लगाम भी जरूरी

अर्जुन राणा

भारतीय राजनीति में चुनाव जीतने के लिए माहौल बनाना जरूरी है, लेकिन केवल माहौल बना देने से सत्ता हासिल नहीं होती। नैरेटिव जनता की सोच को प्रभावित करता है, नेतृत्व उस सोच को राजनीतिक दिशा देता है, लेकिन उस सोच और दिशा को वोट में बदलने का काम संगठन करता है। चुनावी राजनीति की यह सबसे बुनियादी सच्चाई है। दुर्भाग्य से कांग्रेस की मौजूदा राजनीति में यही सबसे कमजोर कड़ी दिखाई देती है। उसके पास मुद्दे हैं, उन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने वाला नेतृत्व भी है और भाजपा के खिलाफ एक मजबूत राजनीतिक नैरेटिव भी तैयार हो चुका है, लेकिन इस पूरी राजनीतिक ताकत को जमीन पर उतारने वाला संगठन अभी उस स्तर पर नहीं है, जिसकी सत्ता में वापसी के लिए जरूरत होती है।

आज राहुल गांधी पहले की तुलना में कहीं अधिक स्थापित विपक्षी नेता के रूप में दिखाई देते हैं। विपक्षी दलों के बीच उनका नेतृत्व स्वीकार्यता हासिल कर चुका है और नागरिकों के एक बड़े वर्ग में भी उन्हें भाजपा विरोधी राजनीति के प्रमुख चेहरे के रूप में देखा जाने लगा है। बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक असमानता, संविधान, लोकतंत्र और सत्ता के केंद्रीकरण जैसे मुद्दों को उन्होंने राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाया है। उनकी यात्राओं और लगातार सरकार पर हमलों ने कांग्रेस को एक नई राजनीतिक पहचान देने में मदद की है। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि चुनाव जीतने की रेसिपी के दो महत्वपूर्ण तत्व कांग्रेस ने हासिल कर लिए हैं—नैरेटिव और नेतृत्व। लेकिन तीसरा और सबसे निर्णायक तत्व यानी संगठन अभी भी उसकी सबसे बड़ी चुनौती है।

राजनीति में नैरेटिव हवा पैदा करता है, नेतृत्व उस हवा को दिशा देता है और संगठन उस दिशा में जनता को लामबंद करता है। संगठन के बिना नैरेटिव केवल भाषणों, अखबारों की सुर्खियों, टेलीविजन की बहसों और सोशल मीडिया की पोस्टों तक सीमित रह जाता है। नेतृत्व के बिना संगठन दिशाहीन हो सकता है और संगठन के बिना नेतृत्व की लोकप्रियता चुनावी सफलता में तब्दील नहीं हो पाती। कांग्रेस को यह समझना होगा कि राजनीतिक विमर्श में जगह बना लेना और चुनाव जीत लेना दो अलग-अलग उपलब्धियां हैं। पहली उपलब्धि के संकेत उसके पास हैं, लेकिन दूसरी के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना है।

भाजपा की चुनावी सफलता को समझने के लिए 2014 के लोकसभा चुनाव को याद करना जरूरी है। वह चुनाव भारतीय राजनीति में केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं था, बल्कि चुनाव लड़ने और जीतने की पूरी कार्यशैली में बदलाव का प्रतीक भी था। नरेंद्र मोदी के पास गुजरात के विकास मॉडल का नैरेटिव था, हिंदुत्व की वैचारिक जमीन थी और प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में उनकी एक मजबूत राजनीतिक छवि गढ़ी जा चुकी थी। लेकिन इन सबको देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विशाल संगठनात्मक नेटवर्क भी मौजूद था।

अमेरिकी एजेंसी एप्को के जरिए मोदी की ब्रांडिंग, प्रशांत किशोर की कंपनी आई-पैक के चुनाव प्रबंधन, ‘चाय पर चर्चा’, थ्री-डी प्रचार, सोशल मीडिया के व्यापक इस्तेमाल और विशाल चुनावी रैलियों ने भारतीय चुनाव प्रचार को एक नया स्वरूप दिया। नरेंद्र मोदी की सभाओं के मंच से लेकर मीडिया को उपलब्ध कराए जाने वाले वीडियो तक, हर चीज में एक सुनियोजित रणनीति दिखाई देती थी। पहली बार भारतीय राजनीति में लोगों ने चुनाव प्रबंधन को एक व्यवस्थित पेशेवर गतिविधि के रूप में इतने बड़े पैमाने पर देखा। भाजपा ने नेतृत्व, नैरेटिव, संगठन और आधुनिक चुनाव प्रबंधन को एक साथ जोड़कर चुनाव लड़ा। यही उसकी सबसे बड़ी ताकत थी।

दूसरी तरफ कांग्रेस अपनी पुरानी राजनीतिक कार्यशैली से बाहर नहीं निकल पाई। उसे लगता रहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद जनता कुछ समय में फिर उसके साथ खड़ी हो जाएगी। लेकिन 2014 की हार कोई सामान्य चुनावी झटका नहीं थी। 2019 की हार ने भी स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस की समस्या केवल नेतृत्व या चुनावी मुद्दों की नहीं है। उसकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है और संगठनात्मक ढांचा कमजोर हो चुका है।

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि भाजपा और नरेंद्र मोदी की राजनीतिक मशीनरी चुनाव जीतने के बाद भी शांत नहीं बैठी। आमतौर पर चुनाव जीतने के बाद राजनीतिक दल सरकार चलाने में व्यस्त हो जाते हैं, लेकिन भाजपा ने सरकार चलाने के साथ-साथ अपने राजनीतिक नैरेटिव को मजबूत करने और विपक्ष के नेतृत्व को कमजोर करने की रणनीति भी जारी रखी। राहुल गांधी की छवि और उनकी नेतृत्व क्षमता पर लगातार सवाल खड़े किए गए। भाजपा के लिए राजनीति पांच साल में एक बार होने वाली गतिविधि नहीं थी, बल्कि चौबीसों घंटे चलने वाला राजनीतिक अभियान बन चुकी थी। दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता लंबे समय तक इस भरोसे में रहे कि अगला चुनाव उनके पक्ष में जाएगा और परिस्थितियां अपने आप बदल जाएंगी।

2019 की हार के बाद कांग्रेस के भीतर कुछ हद तक राजनीतिक चेतना लौटी। पार्टी से कई नेता अलग हुए और जो बचे, उन्होंने अपनी राजनीति, नेतृत्व और नैरेटिव पर गंभीरता से विचार करना शुरू किया। इसका असर 2024 के लोकसभा चुनाव में दिखाई भी दिया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो न्याय यात्रा, संविधान और सामाजिक न्याय के सवालों तथा विपक्षी एकजुटता ने कांग्रेस को नई ऊर्जा दी। पार्टी ने भाजपा के सामने राजनीतिक विमर्श की एक वैकल्पिक जमीन तैयार करने की कोशिश की। लेकिन इस सफलता का एक दूसरा पहलू भी है। कांग्रेस की राजनीति में जो ऊर्जा दिखाई दे रही है, वह अभी संगठनात्मक मजबूती के रूप में पर्याप्त रूप से दिखाई नहीं देती।

दरअसल, कांग्रेस की ऐतिहासिक कमजोरी यही रही है कि वह लंबे समय तक संगठन से ज्यादा सरकार पर निर्भर रही। सत्ता में रहते हुए संगठन को मजबूत करने की जरूरत महसूस नहीं की गई। सत्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन गई और धीरे-धीरे कार्यकर्ता, संगठन तथा जमीनी संघर्ष पीछे छूटते चले गए। लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली पार्टियों के साथ अक्सर ऐसा होता है। उन्हें लगता है कि सत्ता की ताकत ही संगठन की ताकत है। लेकिन सत्ता जाते ही यह भ्रम टूटने लगता है। कांग्रेस के साथ भी यही हुआ।

अब मुश्किल यह है कि राहुल गांधी की राजनीति में आक्रामकता और सक्रियता तो दिखाई देती है, लेकिन उसका संगठनात्मक विस्तार उतनी मजबूती से नहीं हो पा रहा है। वे सरकार पर हमला करते हैं, संसद में सवाल उठाते हैं, सड़कों पर उतरते हैं और जनता के बीच जाकर संवाद करते हैं। उनकी राजनीति में एक तरह का रोमांच है। लेकिन चुनाव जीतना केवल रोमांच पैदा करने का काम नहीं है। यह एक लंबी, थकाऊ और अनुशासित प्रक्रिया है। इसमें हर दिन जनता के बीच रहना पड़ता है। कार्यकर्ताओं को तैयार करना पड़ता है। स्थानीय मुद्दों पर संघर्ष करना पड़ता है। बूथ स्तर पर संगठन खड़ा करना पड़ता है और चुनाव न होने के बावजूद राजनीतिक सक्रियता बनाए रखनी पड़ती है।

यही वह क्षेत्र है, जहां कांग्रेस को सबसे ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। राहुल गांधी राज्यों के दौरे पर जाते हैं, लेकिन उनकी सक्रियता अक्सर चुनावी माहौल के आसपास अधिक दिखाई देती है। चुनाव समाप्त होने के बाद कई राज्यों में केंद्रीय नेतृत्व की राजनीतिक मौजूदगी कम हो जाती है। प्रदेश कांग्रेस के नेता अपने-अपने समीकरणों में उलझ जाते हैं। गुटबाजी बढ़ती है, संगठनात्मक विवाद सामने आते हैं और कार्यकर्ता खुद को अकेला महसूस करने लगते हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी कई बार इन समस्याओं के समाधान के लिए समय रहते हस्तक्षेप नहीं करता।

सवाल यह है कि जब भाजपा का नेतृत्व चुनाव हारने के बाद भी संगठन को सक्रिय रखने और अगली लड़ाई की तैयारी में जुटा रहता है, तो कांग्रेस ऐसा क्यों नहीं कर सकती? राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं। उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी ही सरकार के खिलाफ संघर्ष करना और कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में तैयार करना है। इसके लिए उन्हें केवल राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहने से काम नहीं चलेगा, बल्कि राज्यों में भी लगातार राजनीतिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। चुनाव के समय नहीं, बल्कि चुनाव के बीच के वर्षों में भी।

कांग्रेस को यह समझना होगा कि संसद में उठाया गया कोई मुद्दा तभी व्यापक राजनीतिक आंदोलन बन सकता है, जब पार्टी का संगठन उसे जमीन पर लेकर जाए। राहुल गांधी बेरोजगारी का सवाल उठाते हैं तो प्रदेश कांग्रेस को युवाओं के बीच जाना चाहिए। महंगाई पर सवाल उठता है तो जिला और ब्लॉक स्तर पर आंदोलन होना चाहिए। संविधान और लोकतंत्र की बात होती है तो उसे गांवों, कस्बों और शहरी बस्तियों तक जनसंवाद के माध्यम से पहुंचाना चाहिए। सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाया जाता है तो उस पर केवल भाषण नहीं, बल्कि लगातार राजनीतिक और सामाजिक अभियान चलना चाहिए। आखिर जनता को यह महसूस होना चाहिए कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय उसके बीच नहीं आती, बल्कि उसके रोजमर्रा के सवालों के साथ भी खड़ी रहती है।

संगठन का काम रियल पॉलिटिक्स है। इसमें उतना रोमांच नहीं है, जितना किसी बड़ी रैली में भाषण देने या सड़क पर प्रदर्शन करने में होता है। पदाधिकारियों का चयन करना, जिलों और ब्लॉकों में योग्य नेतृत्व तैयार करना, बूथ कमेटियां बनाना, कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करना और उम्मीदवारों का चयन करना बेहद उबाऊ, समय लेने वाला और थका देने वाला काम है। लेकिन चुनाव जीतने की असली तैयारी इन्हीं कामों से होती है।

कांग्रेस को अपने संगठन में आमूलचूल बदलाव की जरूरत है। पद केवल नेताओं को संतुष्ट करने या गुटीय समीकरण साधने के लिए नहीं बांटे जाने चाहिए। संगठन में ऐसे लोगों को जिम्मेदारी मिलनी चाहिए, जो जमीन पर काम करते हों, जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता हो और जिनमें संघर्ष करने की क्षमता हो। पदाधिकारी केवल नाम के लिए नहीं होने चाहिए, बल्कि उनके काम का मूल्यांकन भी होना चाहिए। संगठन में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलना चाहिए। केवल बड़े नेताओं की परिक्रमा करने वालों को पार्टी का भविष्य बनाने से बचना होगा।

लेकिन संगठन को मजबूत करने की यह कवायद केवल पद बांटने और नई नियुक्तियां करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कांग्रेस को अपने भीतर मौजूद उन कमजोरियों और खतरों की भी पहचान करनी होगी, जो कई बार उसकी चुनावी संभावनाओं को भीतर से खोखला कर देते हैं। पार्टी को अब अपने तथाकथित ‘स्लीपर सेल’ पर भी गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। यह कोई छोटी समस्या नहीं है। राजनीति में कई बार विरोधी दलों से ज्यादा नुकसान अपने ही खेमे के ऐसे लोगों से होता है, जो पार्टी के भीतर रहकर उसकी रणनीति, फैसलों और चुनावी संभावनाओं को प्रभावित करते हैं, लेकिन जिनकी निष्ठा और प्राथमिकताएं संदेह के घेरे में रहती हैं।

ऐसे लोग केवल बूथ स्तर पर ही नहीं होते। उनकी जड़ें ब्लॉक, जिला, प्रदेश और कई बार हाईकमान तक पहुंची होती हैं। वे संगठन के भीतर रहकर अपनी पकड़ बनाते हैं, महत्वपूर्ण सूचनाओं और फैसलों तक पहुंच रखते हैं और अपने प्रभाव का इस्तेमाल पार्टी के हित में करने के बजाय निजी महत्वाकांक्षाओं या दूसरे राजनीतिक समीकरणों के लिए कर सकते हैं। उनकी भूमिका हमेशा खुलकर सामने नहीं आती। कई बार वे पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसलों के समय सक्रिय होते हैं। टिकट वितरण हो, प्रदेश नेतृत्व का चयन हो, किसी आंदोलन की रणनीति हो या चुनावी गठबंधन का सवाल—ऐसे मौकों पर वे जानबूझकर भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा कर सकते हैं।

कांग्रेस की राजनीति में कई बार देखने को मिलता है कि जिस समय पार्टी को पूरी ताकत के साथ विरोधियों से मुकाबला करना चाहिए, उसी समय उसके भीतर आपसी खींचतान शुरू हो जाती है। टिकट को लेकर विवाद, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप, बगावत की धमकियां, सार्वजनिक बयानबाजी और एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिशें पार्टी की ऊर्जा को अंदरूनी लड़ाई में खपा देती हैं। कई बार ऐसा लगता है कि पार्टी चुनाव लड़ने से पहले ही अपने घर का रायता समेटने में जुट गई है। जब तक नेतृत्व इस रायते को समेटता है, तब तक विरोधी अपनी रणनीति पर आगे बढ़ चुके होते हैं और चुनावी मुकाबले में बढ़त हासिल कर लेते हैं।

यहां कांग्रेस को एक बेहद जरूरी अंतर समझना होगा। पार्टी के भीतर असहमति होना और पार्टी के खिलाफ भीतरघात करना दो अलग-अलग बातें हैं। लोकतांत्रिक संगठन में असहमति का स्वागत होना चाहिए। नेताओं और कार्यकर्ताओं को फैसलों पर सवाल उठाने का अधिकार होना चाहिए। लेकिन असहमति की आड़ में सुनियोजित तरीके से संगठन को कमजोर करना, अपने ही उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचाना, महत्वपूर्ण सूचनाएं बाहर पहुंचाना या चुनाव के निर्णायक समय पर विवाद खड़ा करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।

कांग्रेस को बूथ से लेकर हाईकमान तक संगठनात्मक जवाबदेही की ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी, जिसमें हर पदाधिकारी और नेता के काम का आकलन हो सके। किसने संगठन के लिए कितना काम किया, किसने चुनाव में पार्टी का साथ दिया, किसने उम्मीदवार के पक्ष में मेहनत की और किसने महत्वपूर्ण समय पर पार्टी को नुकसान पहुंचाया, इसका निष्पक्ष मूल्यांकन होना चाहिए। किसी नेता का बड़ा कद, पुराना राजनीतिक संबंध या हाईकमान तक पहुंच उसे जवाबदेही से ऊपर नहीं रख सकती।

पार्टी को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि संगठन में जिम्मेदारियां केवल प्रभाव और सिफारिश के आधार पर न मिलें। निष्ठा का अर्थ किसी नेता विशेष के प्रति व्यक्तिगत वफादारी नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा, संगठन और सामूहिक राजनीतिक लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता होना चाहिए। जो व्यक्ति पार्टी के भीतर रहकर लगातार संगठन को कमजोर करता है, उसे केवल इसलिए संरक्षण नहीं मिलना चाहिए कि वह किसी प्रभावशाली नेता का करीबी है।

चुनाव में भीतरघात का नुकसान कई बार हार के बाद समझ में आता है, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। जिस सीट पर पार्टी मजबूत स्थिति में होती है, वहां अपने ही लोगों की निष्क्रियता या असहयोग उम्मीदवार की संभावनाएं बिगाड़ सकता है। कई बार स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता प्रचार से दूरी बना लेते हैं, कहीं टिकट न मिलने वाला नेता अपने समर्थकों को सक्रिय नहीं करता और कहीं संगठन के भीतर की खींचतान चुनावी अभियान को कमजोर कर देती है। यह सब विरोधियों के लिए बिना अतिरिक्त मेहनत के राजनीतिक लाभ हासिल करने का अवसर बन जाता है।

इसलिए कांग्रेस को केवल मजबूत संगठन नहीं बनाना है, बल्कि उसे भीतर से सुरक्षित, अनुशासित और जवाबदेह भी बनाना है। विरोधियों की रणनीति को समझना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी अपने संगठन की कमजोर नसों को पहचानना भी है। आखिर कोई भी राजनीतिक दल तब तक प्रभावी मुकाबला नहीं कर सकता, जब तक उसके भीतर एकजुटता और भरोसे का वातावरण न हो।

उम्मीदवारों के चयन में भी यही दृष्टिकोण अपनाना होगा। चुनाव से कुछ महीने पहले किसी प्रभावशाली चेहरे को टिकट देकर जीत की उम्मीद करना अब पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवार की क्षेत्र में सक्रियता, सामाजिक स्वीकार्यता, संगठन से जुड़ाव और जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता पहले से परखी जानी चाहिए। कांग्रेस को ऐसे नेताओं की एक पूरी दूसरी और तीसरी पंक्ति तैयार करनी होगी, जो अपने क्षेत्र में पार्टी का चेहरा बन सकें। यदि हर चुनाव में टिकट के लिए दिल्ली की ओर देखने की परंपरा जारी रही तो स्थानीय नेतृत्व कभी मजबूत नहीं हो पाएगा।

राहुल गांधी के सामने इसलिए दोहरी चुनौती है। उन्हें एक तरफ अपने राजनीतिक नैरेटिव को और मजबूत करना है तो दूसरी तरफ कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक अनुशासन और जवाबदेही विकसित करनी है। उन्हें केवल राष्ट्रीय मुद्दों पर बोलने वाला नेता नहीं, बल्कि राज्यों में संगठन खड़ा करने वाला नेतृत्वकर्ता भी बनना होगा। उन्हें चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि चुनाव के बीच के वर्षों में भी राज्यों का दौरा करना होगा। प्रदेश के नेताओं के बीच विवाद हों तो हस्तक्षेप करना होगा। संगठन में काम करने वालों से संवाद करना होगा और कार्यकर्ताओं के मन में यह भरोसा पैदा करना होगा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनके संघर्ष और मेहनत को देख रहा है।

राहुल गांधी के बचाव में अक्सर यह तर्क दिया जाता है कि उनकी राजनीति की अपनी शैली है। वे नरेंद्र मोदी या अमित शाह की तरह चौबीसों घंटे राजनीति में नहीं डूबे रहते। वे अपनी निजी जिंदगी का आनंद लेते हैं और अपने तरीके से राजनीति करते हैं। यह तर्क व्यक्तिगत स्वतंत्रता के लिहाज से उचित हो सकता है, लेकिन राजनीतिक मुकाबले के लिहाज से इसका कोई विशेष महत्व नहीं है। सवाल यह नहीं है कि राहुल गांधी की जीवनशैली कैसी है, सवाल यह है कि उन्हें जिस राजनीतिक लक्ष्य को हासिल करना है, उसके लिए कितनी मेहनत और कितनी निरंतरता की जरूरत है।

अगर राजनीति केवल बयान देने, सरकार को घेरने और राजनीतिक रोमांच हासिल करने तक सीमित है तो फिर अलग बात है। लेकिन यदि लक्ष्य सत्ता परिवर्तन है, कांग्रेस को सरकार में वापस लाना है और अपने विचारों के अनुरूप देश की दिशा बदलनी है तो परफॉर्मेटिव पॉलिटिक्स के साथ रियल पॉलिटिक्स भी करनी होगी। प्रदर्शन और भाषण राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, लेकिन पूरी राजनीति नहीं। नेतृत्व को संगठन के निर्माण के लिए समय देना होगा। राज्यों में लगातार दौरे करने होंगे। प्रदेश के नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करना होगा और बूथ स्तर तक पार्टी की मौजूदगी सुनिश्चित करनी होगी।

कांग्रेस को यह भी समझना होगा कि केवल राहुल गांधी के चेहरे के सहारे हर राज्य का चुनाव नहीं जीता जा सकता। राष्ट्रीय नेतृत्व नैरेटिव तैयार कर सकता है, लेकिन राज्यों में चुनाव स्थानीय मुद्दों, सामाजिक समीकरणों, क्षेत्रीय नेतृत्व और संगठनात्मक ताकत के आधार पर भी लड़े जाते हैं। इसलिए हर राज्य में मजबूत स्थानीय नेतृत्व तैयार करना अनिवार्य है। प्रदेश अध्यक्षों और दूसरे पदाधिकारियों को स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर मिलना चाहिए। दिल्ली से हर फैसले को नियंत्रित करने की प्रवृत्ति समाप्त करनी होगी। राज्यों में नेतृत्व को जिम्मेदारी भी मिले और परिणाम देने की जवाबदेही भी तय हो।

आज भाजपा में भी सत्ता के अत्यधिक केंद्रीकरण के कारण संगठन की भूमिका को लेकर सवाल उठते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन कांग्रेस को भाजपा की संभावित कमजोरियों से ज्यादा अपनी कमजोरियों पर ध्यान देना चाहिए। किसी प्रतिद्वंद्वी के कमजोर होने की प्रतीक्षा करना राजनीतिक रणनीति नहीं हो सकती। राजनीति में वही दल आगे बढ़ता है, जो अपने प्रतिद्वंद्वी की ताकत को समझकर अपनी तैयारी करता है।

आखिरकार चुनाव केवल इस बात से नहीं जीते जाते कि जनता किससे नाराज है, बल्कि इस बात से भी जीते जाते हैं कि जनता के सामने विकल्प कितना मजबूत है। भाजपा के खिलाफ असंतोष को कांग्रेस के पक्ष में समर्थन में बदलने के लिए संगठनात्मक ताकत चाहिए। केवल सरकार की विफलताएं गिनाने से सत्ता नहीं मिलती, जनता को यह भरोसा भी दिलाना पड़ता है कि विकल्प के रूप में खड़ी पार्टी सरकार चलाने और देश को दिशा देने में सक्षम है।

राहुल गांधी को अब यह तय करना होगा कि वे केवल भाजपा विरोधी राजनीति का सबसे मुखर चेहरा बने रहना चाहते हैं या कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाने वाले संगठनात्मक नेतृत्वकर्ता की भूमिका भी निभाना चाहते हैं। क्योंकि दोनों में बड़ा अंतर है। पहला काम सुर्खियां दिला सकता है, लेकिन दूसरा काम इतिहास बदल सकता है।

नैरेटिव जनता को सोचने पर मजबूर करता है, नेतृत्व उसे उम्मीद देता है और संगठन उस उम्मीद को वोट में बदलता है। लेकिन संगठन तभी चुनाव जीतने की ताकत बनता है, जब वह मजबूत होने के साथ भीतर से एकजुट और अनुशासित भी हो। कांग्रेस को अब नैरेटिव और नेतृत्व के बाद संगठन की निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। उसे बूथ से लेकर हाईकमान तक अपनी जड़ें मजबूत करनी होंगी, भीतरघात करने वालों की पहचान करनी होगी और उन लोगों को जिम्मेदारी देनी होगी जो वास्तव में पार्टी के लिए जमीन पर संघर्ष करते हैं। वरना कांग्रेस हर चुनाव से पहले विरोधियों से मुकाबला करने के बजाय अपने ही घर का रायता समेटती रहेगी और जब तक वह इस काम से बाहर निकलेगी, तब तक विरोधी चुनाव जीत चुके होंगे। राजनीति में केवल सही मुद्दे और लोकप्रिय नेता होना पर्याप्त नहीं है, जीत के लिए मजबूत संगठन, स्पष्ट रणनीति और अपने लोगों पर भरोसा भी जरूरी है।

Advertisement