जीओ जारी करने की मांग पर अड़ी समिति
चमोली । सिमली बेस अस्पताल और मेडिकल काॅलेज का जीओ जारी करने की मांग के लिए बेस अस्पताल संघर्ष समिति का धरना रविवार को 29वें दिन भी जारी रहा।समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के केंद्र बिंदु सिमली में स्थित स्वास्थ्य केंद्र सहित आवासीय भवन और आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों से सुसज्जित कर दिया गया है लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने से गंभीर रूप से बीमार मरीज उपचार के लिए श्रीनगर और देहरादून जाने के लिए विवश हैं। सीएम तथा क्षेत्रीय विधायक की ओर से किसी भी प्रकार का सकारात्मक प्रयास नहीं किया जा रहा है। मात्र घोषणा और आश्वासनों तक ही बेस अस्पताल और मेडिकल काॅलेज की घोषणा सिमट कर रह गई है। उन्होंने कहा कि अब संघर्ष समिति की ओर से गढ़वाल और कुमाऊं जनपदों में समस्या के निराकरण के लिए जन अधिकार यात्रा और वृहद रूप से हस्ताक्षर अभियान संचालित करने की रूपरेखा बनाई जा रही है। धरना देने वालों में समिति के संरक्षक महेश डिमरी, दिनेश जोशी, भवान सिंह, दयाल सिंह बिष्ट, भगवती प्रसाद डिमरी, जयदीप गैरोला आदि मौजूद थे।
