खाद वितरण के नए नियमों के विरोध में कांग्रेसियों ने समिति कार्यालय में जड़ा ताला
रुद्रपुर। सहकारी समितियों के माध्यम से हो रहे खाद वितरण में आ रही दिक्कतों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को किसान सेवा सहकारी समिति देवनगर (शक्तिफार्म) पर धरना-प्रदर्शन किया और समिति कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी कर विरोध जताया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन समिति के सचिव को सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई फार्मर आईडी नीति और नई व्यवस्था से अन्नदाता परेशान हैं। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के हजारों किसान रोजगार के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहते हैं, जबकि उनके परिजन गांव में खेती संभालते हैं। नए नियमों के कारण परिजनों को खाद लेने में भारी कठिनाई हो रही है। इसके अलावा वर्ग-4 की भूमि, बटाई और ठेके पर खेती करने वाले हजारों किसानों को खाद कैसे मिलेगी, इसका कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश किसान स्मार्टफोन और तकनीक के जानकार नहीं हैं। ऐसे में ‘एफएफएस ऐप’ आधारित ई-टोकन और क्यूआर कोड प्रणाली उनके लिए जी का जंजाल बन गई है। ऐप में भूमि का पूरा विवरण दर्ज न होने से किसानों को ई-टोकन जारी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुरानी व्यवस्था के तहत खाद वितरण शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। यहां पूर्व
। यहां पूर्व दर्जाधारी बलवंत बोरा, सितारगंज नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, सपना ओझा, विष्णु तरफदार, आजम मलिक, जिलानी अंसारी, मनोज सुतार, दुलाल मण्डल, गुरमीत सिंह, प्रभाष गोल्दार, कुलवंत सिंह, विनोद कुमार, अविनाश सुकुमार, अमित सरकार, श्रीकांत मिस्त्री, विष्णु तरफदार, भगवान पाण्डे, नारायण सरकार मौजूद रहे।
