Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 23, 2026

द्वाराहाट में पंचायत प्रतिनिधियों ने तहसील कार्यालय में की तालाबंदी


द्वाराहाट। क्षेत्र की बदहाल सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर 16 नवंबर से चल रहे आंदोलन के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने पर सोमवार को जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे लोगों ने द्वाराहाट तहसील कार्यालय में तालाबंदी कर तहसीलदार समेत अधिकारियों और कर्मचारियों को करीब एक घंटे तक कार्यालय के भीतर रोक दिया। मल्ली मिरई, मेल्टा, बग्वालीपोखर समेत छह से अधिक बदहाल सड़कों की मरम्मत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरौला के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग तहसील परिसर में बेमियादी धरने पर बैठे हैं। बीते शनिवार को आंदोलनकारियों ने सोमवार को तालाबंदी की चेतावनी दी थी। सोमवार सुबह तहसीलदार मोहित देवपा ने आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। करीब एक घंटे चली वार्ता में समस्याओं के समाधान के लिए जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन आंदोलनकारियों ने इसे पर्याप्त नहीं माना। उनका कहना था कि सात दिन से धरना देने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद वार्ता विफल हो गई। करीब साढ़े 11 बजे आक्रोशित लोगों ने तहसील कार्यालय में ताला जड़ दिया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। तालाबंदी के कारण तहसीलदार समेत अधिकारी और कर्मचारी करीब एक घंटे तक कार्यालय के भीतर रहे और कामकाज प्रभावित हुआ। साढ़े 12 बजे आंदोलनकारियों ने ताला खोल दिया, जिसके बाद अधिकारी-कर्मचारी बाहर आ सके। तहसीलदार ने तालाबंदी कर सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले आंदोलनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। वहीं, आंदोलनकारियों ने मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

You may have missed

Advertisement