कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए ट्रैफिक प्लान लागू, रात 12 बजे से भारी वाहनों की नो एंट्री
हरिद्वार । कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस ने यातायात प्लान जारी कर दिया है। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। स्नान के दिन शहर में वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। 23 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर दिल्ली, मेरठ और पंजाब की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से स्नान के लिए आने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में होगी। यातायात का दबाव अधिक होने पर वाहनों को नारसन से मंगलौर, नगला इमरती, लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। दिल्ली और पंजाब से हरियाणा की तरफ जाने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक, एनएच 344, सहारनपुर बाईपास, छुटमलपुर बाईपास, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए देहरादून-ऋषिकेश भेजा जाएगा। दिल्ली-मेरठ से देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को रामपुर तिराहा, देवबंद, कोलकी टोल, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते भेजने की व्यवस्था की गई है। मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडीचौक होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है। बड़े वाहनों को भी चिड़ियापुर और श्यामपुर के रास्ते डायवर्ट कर गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से स्नान के लिए आने वाले वाहनों को नेपालीफार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार लाया जाएगा। इनकी पार्किंग लालजीवाला में होगी। वहीं, देहरादून, ऋषिकेश, गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ से मेरठ-दिल्ली जाने वाले वाहनों को नेपालीफार्म, रायवाला और चंडीचौक से एनएच 344 के रास्ते भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहन चंडीचौक, चंडीचौकी और श्यामपुर होते हुए निकलेंगे।
