बढ़ती महंगाई के खिलाफ उत्तराखंड श्रम कांग्रेस का प्रदर्शन
देहरादून । लगातार बढ़ रही महंगाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरोध में रविवार को उत्तराखंड श्रम कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।श्रम कांग्रेस के अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीबों और मजदूरों का जीना मुहाल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में मिलावट चरम पर है और सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। मुख्य महासचिव पूनम कंडारी ने कहा कि रसोई गैस, तेल, दालें, मसाले और दूध के दामों में हुई बढ़ोतरी से महिलाओं के सामने घर चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं, एडवोकेट विनोद कुमार ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से वाहनों के खराब होने और माइलेज घटने का आरोप लगाया। इस मौके पर किशोर उनियाल, चंद्रपाल, कमल किशोर शर्मा, अर्जुन, अंजुम परवीन, मिथिलेश, कांति बल्लभ भट्ट, ललित थपलियाल, सावित्री थापा, मीना साहनी, बिट्टू रावत, अनिल उनियाल, बबीता और सूरज छेत्री आदि मौजूद रहे।
