September 19, 2024

भाजपा सरकार ने जनता को दी महंगाई और बेरोजगारीः शाह 

रुद्रप्रयाग,  ( आखरीआंख )  अच्छे दिनों की बात करने वाली मोदी सरकार के राज में जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ी है। युवाओं को रोजगार देने का दावा भी झूटा साबित हुआ है। जनता का विश्वास आज भी कांग्रेस के साथ है। आगामी लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ कांग्रेस केन्द्र में काबिज होगी।
देहरादून परेड ग्राउंड में 16 मार्च को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे खादी बोर्ड के पूर्व निदेशक एवं पूर्व दर्जाधारी राजेन्द्र शाह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार जनता को बरगलाने का काम कर रही है। जो घोषणाएं कांग्रेस सरकार में हुई थी, उन्हीं पर कार्य हुआ है। चारधाम परियोजना को आॅल वेदर का नाम दिया जा रहा है। बारह हजार करोड़ की रकम को हजम करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का पहले से ही बीआरओ ने चैड़ीकरण किया है, जिस पर मिट्टी डालने का कार्य भाजपा सरकार में हो रहा है। पहाड़ को खोदकर कमजोर किया जा रहा है, जिसका हर्जाना पहाड़वासियों को बरसात में भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस के चीफ कोर्डिनेटर एवं चिन्हित राज्य आंदोलन राजेन्द्र शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने जो वायदे किये, उन पर कोई अमल नहीं हुआ है। मोदी सरकार में हुए घोटालों के कागजातों को गायब किया गया, जिससे साफ है कि केन्द्र सरकार अपनी नाकामी को छुपाने में लगी है। जनता को सर्जिकल स्ट्राइक दिखाकर बेवकूफ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार राजनीति में सेना का इस्तेमाल कर रही है, जो सरकार की सबसे बड़ी नाकामयाबी है। सेना को राजनीति में घसीटा जा रहा है। शहीद हुए जवानों की शहादत पर भी राजनीति की जा रही है। कहा कि मोदी सरकार के घिनौने कार्य के लिए वर्ष 2019 इतिहास बन गया है। राम मंदिर बनाने की बात कहकर सत्ता कब्जाने वाली मोदी सरकार ने आज तक एर्क इंट नहीं रखी है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मोदी की जादूगरी नहीं चलेगी। जनता भाजपा सरकार को ऐसा सबक सिखाएगी कि जो इतिहास बनकर रह जायेगा। भाजपा सरकार में जनता को महंगाई, बेराजगारी से जूझना पड़ा है। हर चीज के दाम बढ़े हैं। केन्द्र में कांग्रेस सरकार बनने के बाद दूरस्थ इलाकों में विकास की किरण पहुंचाई जायेगी। कांग्रेस वरिष्ठ नेता राजीव कंडारी ने पत्रकारों से कहा कि 16 मार्च को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी देहरादून पहुंच रहे है। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गढ़वाल क्षेत्र से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में उत्तराखण्ड में लोकसभा चुनाव का शंखनाद शुरू हो जायेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव कंडारी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सदस्य सुमंत तिवाड़ी, योगम्बर नेगी, सुमन नेगी, वीर सिंह बुडेरा, कुंवर सजवाण सहित कई मौजूद थे।