March 6, 2026

चेकिंग के दौरान प्रशासनिक टीम ने अमेरिका और चीन की मुद्रा पकड़ी

रुडकी ( आखरीआंख )  लोकसभा चुनाव को देखते हुए की जा रही चेकिंग के दौरान प्रशासनिक टीम ने अमेरिका और चीन की मुद्रा पकड़ी। डालर और युआन को सीज कर दिया गया है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट निकिता खंडेलवाल के निर्देश पर लोकसभा चुनाव को लेकर टीम चेकिंग कर रही थी। रात करीब साढ़े तीन बजे सीआईएसएफ के जवानों के साथ मलकपुर चुंगी पर टीम ने बैरिकेडिंग लगाई। इस दौरान दिल्ली की ओर से एक इनोवा गाड़ी आ रही थी। गाड़ी में चालक और एक अन्य व्यक्ति बैठा हुआ था। चालक ने बताया कि वह ऋषिकेश जा रहा है। तलाशी के दौरान गाड़ी में से विदेशी मुद्रा बरामद हुई। इसमें अमेरिकन डॉलर और चीनी मुद्रा युआन बरामद की गई। टीम ने इसे कब्जे में लिया। भारतीय रुपये में दोनों मुद्राओं की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई। टीम ने विदेशी मुद्रा को कब्जे में लेकर हरिद्वार कोषागार में जमा करा दिए। कार सवार व्यक्ति ने बताया कि वह सिंगापुर से आ रहा है। विदेशी मुद्रा के बारे में वह जानकारी नहीं दे पाया। संबंधित एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई है। टीम में टीम प्रभारी नितिन सैनी, एएसआई विनोद रावत, कनिष्ठ सहायक पूरण चंद, कांस्टेबल त्रिभुवन, आबिद और शुभम सैनी शामिल रहे।