July 1, 2026

Blog

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। बैठक में विधानसभा बागेश्वर एवं कपकोट से संबंधित मुख्यमंत्री की कुल 119 घोषणाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उनकी वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति तथा लंबित मामलों की जानकारी ली गई।

बैठक के दौरान विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा शासन एवं विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने प्रत्येक योजना की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को बेहतर समन्वय, दक्षता, गुणवत्ता और स्मार्ट वर्क के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी दिनेश सिंह रावत सहित विभिन्न अभियंत्रण विभागों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed