July 1, 2026

भू-धसाव और भारी वर्षा से निपटने को बागेश्वर में कल होगा मेगा मॉक ड्रिल, प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील

बागेश्वर। जनपद में संभावित भू-धसाव, भूस्खलन एवं भारी वर्षा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गुरुवार, 02 जुलाई 2026 को व्यापक स्तर पर मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान बागेश्वर, कपकोट, गरुड़ एवं कांडा तहसील क्षेत्रों में अलग-अलग काल्पनिक आपदा परिदृश्यों का निर्माण कर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें संयुक्त रूप से भाग लेकर आपदा प्रबंधन की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अभ्यास करेंगी।

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बताया कि इस मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी वास्तविक आपदा की स्थिति में सभी विभागों के बीच त्वरित एवं प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना तथा राहत एवं बचाव तंत्र की तैयारियों का आकलन करना है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अभ्यास के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में आपातकालीन गतिविधियां दिखाई देंगी, जिन्हें वास्तविक आपदा न समझें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए संयम बनाए रखें।

You may have missed