May 25, 2026

Blog


बागेश्वर, गरुड ।। जनपद के गरुड विकास खण्ड में कांग्रेस पार्टी के बी.एल.ए.-2 कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा निष्क्रिय सदस्यों को पुनः सक्रिय करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पार्टी की भावी रणनीति, संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाते हुए प्रत्येक सदस्य से सतत संपर्क बनाए रखें। साथ ही जिन सदस्यों की गतिविधियां लंबे समय से निष्क्रिय हैं, उन्हें पुनः संगठन से जोड़ने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि इस एस आई आर में किसी भी मतदाता का नाम छूटने न पाए इस बात का ध्यान हर कार्यकर्ता को रखना होगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष नरेन्द्र बिष्ट ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में बूथ स्तर का संगठन ही पार्टी की वास्तविक शक्ति होता है। यदि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें तो संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा विभिन्न जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं।
बैठक में विधानसभा प्रभारी गोविंद सिंह, प्रकाश आर्या लक्ष्मण आर्य , प्रकाश कोहली , सुंदर सिंह, दुलाप बोरा राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में बी.एल.ए.-2 कार्यकर्ता एवं स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।